बड़ी खबर : लोहा-कारोबारियों के 40 से अधिक ठिकानों पर IT रेड, रायपुर समेत कई जिलों में एक्शन
छत्तीसगढ़ : रायपुर समेत कई जिलों में लोहा कारोबारियों और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर आयकर विभाग ने दबिश दी है। जानकारी के मुताबिक, 2 से 3 प्रमुख कारोबारियों के घर, दफ्तर और प्लांट सहित करीब 40 से 50 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा गया है। आयकर विभाग ने जिन जगहों पर कार्रवाई की है उनमें ओम स्पंज, देवी स्पंज और हिंदुस्तान क्वाइल शामिल हैं। आयकर की टीम संचालकों के घर-दफ्तर, प्लांट पर स्टॉक, सहित आय-व्यय की जांच कर रही हैं। इसके साथ ही इन उद्योगपतियों से जुड़े जमीन कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापे की कार्रवाई की जा रही है।
आयकर विभाग की टीमो ने आज सबेरे करीब 6 बजे कार्रवाई शुरु की है। किसी के भी अंदर जाने से मना किया गया है। 100 से ज्यादा जवानों की तैनाती की गई है।
सिर्फ़ लोहा कारोबारी ही नहीं, बल्कि इनसे जुड़े कुछ जमीन कारोबारियों पर भी छापे मारे गए हैं। आयकर विभाग को अंदेशा है कि कारोबारियों ने जमीन के सौदों में बड़े पैमाने पर हेर-फेर तो नहीं किया है। इस कार्रवाई से प्रदेश के उद्योग जगत में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
