मध्य प्रदेश : जबलपुर में सोनोग्राफी सेंटर का पंजीयन स्थायी रूप से रद्द

मध्य प्रदेश : जबलपुर जिले के मदनमहल क्षेत्र में स्थित एक सोनोग्राफी एवं एक्स-रे सेंटर पर गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाते हुए उसका पंजीयन स्थायी रूप से निरस्त कर दिया है। गर्भस्थ शिशु के लिंग परीक्षण से जुड़ी गोपनीय शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई 30 अक्टूबर को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर एक विशेष टीम ने सेंटर पर छापा मारा थाजांच में PCPNDT एक्ट के कई नियमों का खुला उल्लंघन मिला

अल्ट्रासाउंड मशीन से संबंधित दस्तावेज अनुपस्थित थे. कई संदिग्ध मामलों के प्रमाण सामने आए। इन अनियमितताओं के चलते मौके पर ही पूरी सोनोग्राफी मशीन सहित सेंटर को सील कर दिया गया था। सेंटर संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद जिला स्तरीय जांच समिति ने सभी साक्ष्यों की गहन जाँच की और शिकायतों को सही पाया। समिति ने पंजीयन स्थायी रूप से रद्द करने की अनुशंसा की।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने कहा, “लिंग परीक्षण एक गंभीर अपराध है। जांच में स्पष्ट साक्ष्य मिले थे, जिसके बाद समिति की सिफारिश पर सेंटर का पंजीयन स्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है। जिले में लिंगानुपात सुधारने के लिए यह बड़ा कदम है।”

स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि PCPNDT एक्ट का उल्लंघन करने वाले किसी भी सेंटर पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।