MP NEWS : सीहोर में सियार का आतंक, खेत में 6 लोगों को नोंच डाला, गांवों में दहशत

राष्ट्रीय

मध्य प्रदेश में सियार का आतंक देखने को मिला है। मामला सीहोर जिले के बुधनी से सामने आया है। जहां सियार ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में 6 लोग घायल हुए है। जिन्हें इलाज के लिए नर्मदापुरम अस्पताल में भर्ती किया गया है। रेहटी तहसील में लगातार जंगली जानवर इंसानों को अपना शिकार बना रहे हैं। इससे पहले यहां टाईगर की चहलकदमी नजर आई थी। वहीं सलकनपुर में भालू दिखाई दिया। भालू ने भी श्रद्धालुओं पर हमला करके घायल किया था। अब रेहटी नगर के आसपास के क्षेत्र में सियार ने आधा दर्जन लोगों पर हमला कर दिया। इससे वे घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला भी सक्रिय हो गया है।
घटना के बाद रेहटी वन परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर ने हॉस्पिटल पहुंचकर घायलों को आर्थिक सहायता दी। घटना के बाद से वर विभाग का अमला सियार की तलाश में जुटा हुआ है। सीहोर जिले की रेहटी तहसील मुख्यालय सहित आस पास के गांव-गांव के खेतों में सियारों की संख्या सैकड़ों में हैं। दिनभर और रात में इन सियारों की लगातार चहलकदमी रहती है। वन विभाग को आशंका है कि इनमें से कोई सियार पागल हो गया होगा और उसने ही लोगों पर हमला किया होगा। आमतौर पर सियार इंसानों को देखकर भाग जाते हैं, लेकिन यदि कोई सियार पागल हो गया हो तो वह इंसानों पर हमला भी कर देता है।

वन विभाग ने लोगों से खेतों एवं सड़कों पर चलते समय सतर्कता से चलने की अपील की है। यदि खेतों में जा रहे हैं तो अपने हाथों में कोई डंडा जरूर रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर स्वयं की रक्षा कर सकें। इसके अलावा यदि सड़क पर चल रहे हैं या फिर बाइक से चल रहे हों तो भी सावधानी से चलें। यदि कोई सियार दिखाई दे तो उसे भगाएं उससे घबराएं नहीं।