जयपुर: 20 रुपये की कचौरी खाने रुका व्यापारी, 20 लाख लेकर उड़ गए बदमाश

राजस्थान की राजधानी जयपुर से चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में एक व्यापारी को 20 रुपये की कचौरी खाना इतना महंगा पड़ गया कि उसे 20 लाख रुपये गंवाने पड़ गए. व्यापारी अपनी स्कूटी पर रुपयों से भरा बैग रखकर कचौरी की दुकान पर रुका था. इसी दौरान दो शातिर बदमाशों ने मौका देखकर बैग पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए.

जानकारी के अनुसार पीड़ित चंपालाल अपनी स्कूटी से जा रहे थे. उनके साथ एक थैला था जिसमें 20 लाख रुपये रखे थे. रास्ते में वह कचौरी खाने के लिए रुके और स्कूटी के आगे बैग रखा रहा. इसी बीच पहले से नजर बनाए बैठे दो बदमाश बाइक पर आए और बैग उठाकर मौके से फरार हो गए. पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में हो गई.

घटना के बाद जब व्यापारी की नजर बैग पर गई तो वह गायब मिला. इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की लेकिन आरोपी तेजी से वहां से निकल गए. घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. हालांकि देर शाम तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है. पीड़ित चंपालाल की शिकायत पर नाहरगढ़ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.