जयपुर : SI भर्ती-2021 पेपर लीक, दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

जयपुर | एसआई भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक मामले में एसओजी ने दो साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी शिराम विश्नोई उर्फ अतुल विश्नोई को गिरफ्तार किया है। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपी जगदीश विश्नोई और ओमप्रकाश ढाका के गिरोह से जुड़ा था। आरोपी ने लीक प्रश्नपत्र दो अभ्यर्थियों को 15 और 20 लाख रुपए में उपलब्ध कराकर 35 लाख का सौदा किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने खुद लीक पेपर पढ़कर परीक्षा दी और हिंदी में 160.98 तथा सामान्य ज्ञान में 160.65 अंक प्राप्त किए, लेकिन शारीरिक दक्षता परीक्षा में असफल रहने से चयन नहीं हो सका। अदालत ने आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजा है। एसओजी के मुताबिक इस प्रकरण में अब तक 158 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है।