जम्मू-कश्मीर के कठुआ में जैश कमांडर ढेर, अमेरिका मेड M4 राइफल बरामद

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में शुक्रवार शाम सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर उस्मान को मार गिराया। एनकाउंटर बिलावर इलाके में हुआ। आतंकियों की तलाश में पिछले एक हफ्ते से ऑपरेशन चल रहा था। उस्मान पिछले 2 साल से अन्य आतंकवादियों के साथ डोडा-उधमपुर-कौथा इलाके में एक्टिव था। एनकाउंटर की साइट से अमेरिका में बनी M4 राइफल, हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ। कठुआ की एसएसपी मोहिता शर्मा ने बताया शुक्रवार 1 बजे पोरहेटर गांव में आतंकी ने एक घर में घुसकर नागरिकों को बंधक बना लिया था। पुलिस, भारतीय सेना और सीआरपीएफ की टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस की एक टीम ने पहले सभी नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद जवान घर के अंदर घुसे। आतंकी ने पहले फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने उस्मान का हथियार छीनकर उसे मार गिराया।

सूत्रों के मुताबिक सुरक्षाबलों और उस्मान का इससे पहले कठुआ, डोडा, बसंतगढ़, उधमपुर में भी आमना-सामना हुआ, लेकिन वो हर बार बच कर निकल जाता था। इस बार सुरक्षाबलों ने उसे ढेर कर दिया।

पिछले हफ्ते सुरक्षाबलों की जॉइंट टीम ने बिलावर इलाके में ही आतंकियों के 3 ठिकानों का भंडाफोड़ किया था। मौके से कई चीजें बरामद की गईं थीं। आज से पहले 7 जनवरी और 13 जनवरी को भी बिलावर इलाके के ही कहोग और नजोत जंगलों में सुरक्षाबलों और आतंकियों की मुठभेड़ हुई थी।

साउथ एशिया टेररिज्म पोर्टल के मुताबिक, साल 2025 में जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से जुड़ी हिंसा में कुल 46 मौतें हुईं। इसमें शहीद हुए 18 जवान और पहलगाम में मारे गए 28 नागरिक शामिल हैं। वहीं, इस दौरान सुरक्षाबलों ने 46 आतंकियों को भी मार गिराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *