जापान का पहला प्राईवेट स्पेस मिशन फेल,उड़ान भरने के ठीक 5 सेकंड बाद ब्लास्ट

अंतरराष्ट्रीय

जापान का पहला प्राईवेट स्पेस मिशन नाकाम हो गया है। बुधवार को प्राईवेट फर्म स्पेस वन का काईरोस रॉकेट उड़ान भरने के महज 5 सेकंड बाद ब्लास्ट हो गया। स्पेस वन ने पिछले हफ्ते दावा किया था इस मिशन की तमाम टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और फाइनल राउंड के लिए उसकी टीम तैयार है। काईरोस 59 फुट लंबा रॉकेट था। इसने बुधवार सुबह 11 बजकर 1 मिनट पर टेकऑफ किया। इसके बाद यह फट गया। काईरोस की लॉन्चिंग के लिए काए क्षेत्र में लॉन्च पैड बनाया गया था। यह पश्चिमी जापान में समंदर से लगा क्षेत्र है। स्पेस वन कंपनी का मकसक इस रॉकेट के जरिए रिसर्च वर्क को बढ़ाना था। लॉन्चिंग के फौरन बाद यह फट गया और मलबा करीबी समुद्री खाड़ी में जा गिरा। ब्लास्ट के बाद काए इलाके में कई घंटे तक धुआं नजर आया।
कंपनी का दावा था कि उसका रॉकेट सिस्टम सबसे एडवांस्ड है। इसमें जापान की सरकारी स्पेस एजेंसी के कुछ इंस्ट्रूमेंट्स भी लगाए गए थे। दावा किया जा रहा था कि इसका इस्तेमाल खुफिया जानकारी जुटाने में भी किया जाएगा।
अब कंपनी कह रही है कि तमाम टेस्टिंग के कामयाब होने के बाद लॉन्चिंग फ्लॉप क्यों रही? इसकी जांच शुरू कर दी गई है।