CAF कैंप में जवान ने खुद को गोली मारी, कोंडागांव में 3 महीने पहले हुई थी पोस्टिंग

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में CAF (छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल) कैंप में सोमवार देर रात एक जवान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, जवान ने INSAS सर्विस राइफल से अपनी कनपटी पर गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर कैंप में मौजूद अन्य जवान तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक जवान की पहचान जोगेंद्र नेताम (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बड़ेडोंगर का रहने वाला था। वह CAF की 5वीं बटालियन में तैनात था और लगभग 3 महीने पहले ही उसकी पोस्टिंग कैंप में हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

अधिकारियों का कहना है कि जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर व्यक्तिगत तनाव या मानसिक परेशानी की आशंका जताई जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने जवान के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। मामले की पूरी जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की असली वजह साफ हो पाएगी।