जेनिफर लोपेज ने उदयपुर की अरबपति शादी में दिखाया परफॉर्मेंस, रॉयल वेडिंग में इंटरनेशनल स्टार के साथ झूमे गेस्ट
उदयपुर में अमेरिकी अरबपति रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना की शादी वामसी गडिराजू से 23 नवंबर (रविवार) को हुई। लगातार 3 दिनों तक चले प्रोग्राम के बाद रविवार रात सिटी पैलेस में रिसेप्शन हुआ। जेनिफर लोपेज इन दिनों अपने डांस परफॉर्मेंस को लेकर भारतीय फैन्स के बीच काफी चर्चा में हैं। जेनिफर ने ये परफॉर्मेंस भारत में उदयपुर में हुई बिलयेनियर शादी के दौरान दिखाया जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तहलका मचाए हुए है। नेत्रा मंटेना और वामसी गादिराजू की शाही शादी में जेनिफर के सिंगिंग और डांस परफॉर्मेंस ने गदर काट दिया। जेनिफर का इस शादी में भव्य स्वागत हुआ जिसे देखकर वो हैरान रह गईं।
भारतीय-अमेरिकी अरबपति रामाराजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना की शादी 23 नवंबर को थी जिसमें देश ही नहीं विदेशों से भी बड़ी-बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। इसी शादी में जेनिफर लोपेज ने भी धमाकेदार परफॉर्मेंस दिया। जेनिफर के कई डांस वीडियो सामने आए हैं जिसमें उनके परफॉर्मेंस और लुक की भी काफी चर्चा हो रही है।
रविवार शाम उदयपुर के सिटी पैलेस महल में आयोजित इस ग्रैंड वेडिंग की शुरुआत 21 नवंबर से ही हो गई थी। 21 और 22 को मेहंदी और संगीत सेरेमनी के बाद 23 नवंबर को शादी की रस्में हुईं। इस भव्य शादी में अमेरिकन सिंगर जेनिफर लोपेज ने भी अपनी लाजवाब परफॉर्मेंस से और भी तहलका मचा डाला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेनिफर ने भारत में हो रही इस ग्रैंड शादी के लिए करीब 17 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं।
जेनिफर ने इस शादी में अपने हिट गानों ‘वेटिंग फॉर टु नाइट’, ‘गेट ऑन द फ्लोर’, ‘प्ले’, ‘सेव मी टु नाइट’, ‘गेट राइट’, ‘ऐन्ट योर मामा’ जैसे गानों पर परफॉर्म करती नजर आ रही हैं। वहीं जेनिफर के ग्लैमर लुक ने भी सोशल मीडिया पर अलग गदर काट रखी है। लोग उनके परफॉर्मेंस के साथ-साथ उनके इस अंदाज को लेकर भी काफी बातें बना रहे हैं। कुछ ने कहा है– और यहां लोग इसी शादी में रणवीर सिंह के परफॉर्मेंस का मजाक उड़ा रहे हैं। कुछ लोगों ने कहा है कि उनका ये लुक इंडियन शादी में परफॉर्मेंस के लेवल का नहीं है।
जहां कई लोग लोपेज के इस परफॉर्मेंस पर मंत्रमुग्ध दिख रहे हैं वहीं उनके कुछ इंडियन फैंस को उनका अंदाज पसंद नहीं आया है। उनके वीडियो को देख काफी लोगों ने कॉमेंट कर ये सवाल भी उठाया है कि क्या माहौल के हिसाब से उनका ये लुक सही है? हालांकि, परफॉर्मेंस के अलावा जेनिफर यहां शादी में इंडियन अटायर में भी दिखीं और उनके इस लुक की जमकर तारीफ भी हो रही है।
