छत्तीसगढ़ : बलरामपुर जिले रामानुजगंज के हृदय स्थल गांधी चौक में बुधवार की दोपहर 1.15 बजे राजेश ज्वेलर्स में कट्टे व रिवॉल्वर के दम पर डकैतों ने 5 करोड़ का सोना लूट लिया। दुकान के भीतर घुसे 3 लुटेरों ने ज्वेलर्स संचालक भाजपा पार्षद राजेश सोनी की पिटाई करते हुए सिर पर कट्टे के बट से और नोंक से प्रहार किया और 8 किलो सोना लूटकर बाइक से झारखंड की ओर फरार हो गए। दुकान के बाहर भी 2 डकैत मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं एसपी भी दल-बल के साथ डकैतों का पीछा करते हुए झारखंड की ओर गए हैं।
डकैतों के जाते ही ज्वेलर्स संचालक ने इसकी सूचना तत्काल एसपी को दी। सूचना मिलते ही वे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने दुकान संचालक से मामले की जानकारी ली। उन्हें जब पता चला कि लुटेरे झारखंड की ओर भागे हैं तो वे तत्काल पुलिस टीम के साथ झारखंड की ओर रवाना हो गए।
वहीं पुलिस की टीम डकैतों के भागने वाले रास्ते की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। बलरामपुर पुलिस द्वारा झारखंड की गढ़वा पुलिस से कोऑर्डिनेट स्थापित कर लुटेरों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कट्टा व रिवॉल्वर लहराते भागे आरोपी घटना के बाद लुटेरे कट्टा व रिवॉल्वर लहराते झारखंड की ओर भागे। सभी लुटेरे स्थानीय झारखंड की भाषा में बात कर रहे थे। आरोपियों के पहनावे व बोली से उनके झारखण्ड के गढ़वा जिला के आसपास के होने की आशंका जताई जा रही है।