16 साल का भरोसा एक पल में तोड़ा,जहां की नौकरी वहीं से उड़ाए 2 करोड़ के जेवर

छत्तीसगढ़ : रायपुर में एक नामी ज्वेलरी शोरूम से करोड़ों रुपये के सोने के गहनों के कथित गबन का मामला सामने आने के बाद व्यापारिक जगत में हलचल मच गई है. पुलिस ने शोरूम के एक कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिस पर दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण हड़पने का आरोप है. मामला रायपुर के सदर बाजार स्थित मनोहरलाल एंड कंपनी ज्वेलर्स से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार, इस प्रतिष्ठित दुकान के संचालक सुरेश बंसाली ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में बताया गया कि सूरज साहू नामक कर्मचारी पिछले 16 वर्षों से शोरूम में काम कर रहा था. ऐसे में वह इतने भरोसे का आदमी था कि उसे रोजाना कारोबार खत्म होने के बाद डिस्प्ले में रखे गहनों को सुरक्षित लॉकर में रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. पुलिस के मुताबिक, 9 अप्रैल 2026 को दुकान बंद होने के बाद सूरज साहू ने कथित तौर पर गहनों को लॉकर में रखने के बजाय अपने पास ही रख लिया. शुरुआत में किसी को इस बात की जानकारी नहीं हो सकी और मामला सामान्य रूप से चलता रहा.

घटना का खुलासा 13 अप्रैल को उस समय हुआ जब शोरूम में स्टॉक की रेगुलर जांच की गई. जांच के दौरान करीब 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोने के गहने गायब पाए गए. बताया जा रहा है कि इनमें अलग-अलग डिजाइन और श्रेणी के आभूषण शामिल थे, जिनकी बाजार कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी गई है.
जब कर्मचारियों से पूछताछ में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली तो शोरूम प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई. पुलिस के अनुसार, फुटेज में सूरज साहू कथित तौर पर शाम करीब 4 बजकर 21 मिनट पर गहनों को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया.

शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात और गबन का मामला दर्ज कर लिया है. कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. मामले की जांच जारी है.