झारखंड : रामगढ़ में बड़ा हादसा, प्लांट के कंट्रोल रूम में लगी आग, 3 इंजीनियरों की गई जान
झारखंड के रामगढ़ जिले के हेहल स्थित एक प्लांट के कंट्रोल रूम में देर रात अचानक आग लग गई. इस हादसे में कई मजदूर झुलस गए. वहीं, घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, मृतकों में तीनों इंजीनियर शामिल हैं. यह हादसा मां छिन्नमस्तिके प्लांट में हुआ. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. मामले की जांच की जा रही है.
हादसे में जान गंवाने वालों में रांची के संजीव कुमार केसरी (50 वर्ष), बोकारो के विनीत कुमार (25 वर्ष) और गढ़वा निवासी अभिषेक पांडे (24 वर्ष) शामिल हैं. इस हादसे के बाद ग्रामीण प्लांट गेट के पास प्रदर्शन कर रहे हैं. ग्रामीणों के अनुसार, यह हादसा प्लांट प्रबंधन की लापरवाही के कारण हुआ है.
कुछ दिन पहले दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में भी आगजनी की एक घटना सामने आई थी. एक ट्रक में सिलेंडर लोड थे, जिनमें ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई. पुलिस ने जानकारी दी थी कि CNG पंप पर जब रिफिलिंग हो रही थी, तभी यह ब्लास्ट हुआ था.
इस हादसे में कुछ लोगों के मौत की जानकारी मिली थी. पुलिस के मुताबिक, पंप पर जो शख्स CNG रिफिल कर रहा था, धमाके में उसकी जान चली गई. घटना की दोपहर 3 बजकर 46 मिनट पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची.
डीसीपी के अनुसार, इस धमाके में कई लोग बुरी तरह घायल हुए थे. घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया. इस घटना के बाद कई लोगों की हालत नाजुक बताई गई थी.
