झारखंड में झामुमो गठबंधन बहुमत पार, 41 का बहुमत और 50 सीटों पर बढ़त…

राष्ट्रीय

झारखंड की 81 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। रुझानों में झामुमो गठबंधन 50 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। यह आंकड़ा बहुमत 41 से 9 सीट ज्यादा है। भाजपा गठबंधन 30 सीटों पर आगे चल रहा है। अन्य 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन बरहेट सीट पर 2812 मतों से आगे हैं। गांडेय सीट पर कल्पना सोरेन पिछड़ गई हैं। यहां भाजपा की मुनिया देवी ने 3128 मतों से बढ़त बना ली है। धनवार से भाजपा के प्रत्याशी पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी 1840 वोटों से आगे हैं। दुमका में भाजपा के सुनील सोरेन ने झामुमो के बसंत सोरेन पर 11761 मतों की बढ़त बना ली है। बहरागोड़ा में जेएमएम के समीर मोहंती 7078, बरही में भाजपा के मनोज यादव 3106, बड़कागांव में भाजपा के रोशन लाल चौधरी 3081, बेरमो में रवींद्र पांडेय 799, भवनाथपुर में झामुमो के अनंत प्रताप देव 3539, बोकारो में कांग्रेस की श्वेता सिंह 7906, चाईबासा में झारखंड सरकार के मंत्री झामुमो के दीपक बिरुआ 11248 और चक्रधरपुर में झामुमो के सुखराम उरांव 4189 मतों से आगे हैं।

पोटका सीट पर पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा की पत्नी और भाजपा की प्रत्याशी मीरा मुंडा ने 17413 मतों की बढ़त बना ली है। रामगढ़ में आजसू पार्टी की सुनीता चौधरी 11524 मतों से आगे चल रही हैं। इसी तरह चतरा सीट से राजद की रश्मि प्रकाश ने 1691, छतरपुर से कांग्रेस के राधाकृष्ण किशोर ने 2049, देवघर से राजद के सुरेश पासवान ने 13220, डुमरी में हेमंत सरकार की मंत्री बेबी देवी ने 3315 मतों से बढ़त हासिल की है।

गढ़वा में झारखंड सरकार के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर पिछड़ गए हैं। यहां भाजपा के सत्येंद्र नाथ तिवारी 2042 मतों से आगे हैं। जमशेदपुर पूर्वी से ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास का बहू भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा दास साहू ने करीब साढ़े आठ हजार और जमशेदपुर पश्चिमी से जदयू के सरयू राय 7700 मतों से आगे हैं। रांची में भाजपा के सीपी सिंह 9019 मतों से आगे हैं।