अंबिकापुर में बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक फरार, पुराना दरवाजा तोड़कर भाग निकले

अंबिकापुर के कन्या परिसर रोड बिशुनपुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार रात 13 अपचारी बालक फिर भाग निकले। इस बार अपचारी बच्चों ने पुराने दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर दिया और परिसर से बाहर निकलकर फरार हो गए। सूचना पर गांधीनगर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। आसपास के इलाकों में बच्चों की तलाश की जा रही है। फरार हुए सभी बच्चे अलग-अलग अपराधों में निरुद्ध किए गए थे। मंगलवार देर शाम पुराने दरवाजे को तोड़कर सभी एक साथ परिसर से बाहर आ गए। कुल 14 अपचारी बालक निकले थे,इनमें से एक को पकड़ लिया गया।

शेष सभी अहाता फांदकर भाग निकले। यह एक माह में बाल संप्रेक्षण गृह से बच्चों के भागने की दूसरी घटना है। इससे पहले 23 जून को भी 13 अपचारी बालक बारिश के दौरान खिड़की तोड़कर फरार हो गए थे। इनमें से दो अपचारी बालक अब तक नहीं मिले हैं। फरवरी माह में भी अपचारी बालक यहां से भाग चुके हैं। पिछली घटना के बाद कलेक्टर अजीत वसंत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। उन्होंने कमियों को दूर करने के निर्देश भी दिए थे, लेकिन निर्देशों के अनुरूप कोई ठोस काम नहीं हुआ। नतीजा यह रहा कि एक माह के भीतर ही दोबारा अपचारी बालक भागने में सफल हो गए।

पुलिस की टीमें बच्चों की तलाश में जुटी हैं। रेलवे स्टेशन,बस स्टैंड क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बच्चों के स्वजन को निर्देशित किया गया है कि यदि बच्चे उनके संपर्क में आए तो उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह वापस लौटने प्रेरित करें। लगातार हो रही घटनाओं से बाल संप्रेक्षण गृह की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में है।