‘इंडियन आइडल 16’ की विनर बनीं ज्योतिमर्यी नायक
‘इंडियन आइडल 16’ को अपना विनर मिल गया है. कड़े मुकाबले में ज्योतिमर्यी नायक ने ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. ज्योतिर्मयी नायक और तनिष्क शुक्ला के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. मनराज वीर सिंह सेकंड रनर-अप रहे. उन्हें इनाम के तौर पर 5 लाख रुपये मिले. तनिष्क-ज्योतिर्मयी के साथ मनराज वीर सिंह टॉप 3 में जगह बनाने में सफल रहे. ‘इंडियन आइडल 16’ के टॉप 6 फाइनलिस्ट में सोहेल सूफी, अंशिका चोणकर, मनराज वीर सिंह, मिस्मी बोसु, ज्योतिर्मयी नायक और तनिष्क शुक्ला ने जगह बनाई थी. ‘इंडियन आइडल 16’ करीब 10 महीने चला.
ज्योतिर्मयी नायक को ट्रॉफी 20 लाख रुपये का नगद इनाम दिया गया. उन्होंने जीत पर खुशी जताते हुए पोस्ट किया. उन्होंने ट्रॉफी के साथ फोटो शेयर की और कैप्शन में लिखा, ‘एक साल. अनगिनत बलिदान. लगातार रिहर्सल. आज, जब मैंने इंडियन आइडल सीजन 16 की ट्रॉफी अपने हाथों में ली है, तो मेरा दिल आभार से भर गया. यह जीत सिर्फ मेरी नहीं है, यह उन सभी लोगों की है जिन्होंने मुझ पर तब भरोसा किया जब मुझे खुद पर शक था, जिन्होंने मेरे लिए वोट किया, मेरे लिए दुआ की. मुझे प्रेरित किया और इस अद्भुत सफर में मेरे साथ खड़े रहे.’ सिंगर ने अपने परिवार, जजों और गुरुओं का आभार जताया.’
ट्रॉफी की रेस से सबसे पहले निकलने वाली कंटेस्टेंट थीं- मिस्मी बोसु. वे स्पॉटलाइट राउंड के बाद बाहर हो गईं. अंशिका चोणकर और सोहेल सूफी कम वोट के चलते टॉप 3 में जगह नहीं बना पाए. दोनों फाइनलिस्ट की विदाई से पहले सोनी टेलीविजन ने उन्हें तीन-तीन लाख रुपये का नकद इनाम दिया. इस सीजन के जज विशाल ददलानी, बादशाह और श्रेया घोषाल थे. हालांकि, पहले से तय काम की वजह से विशाल ददलानी फिनाले में शामिल नहीं हो पाएं. ‘इंडियन आइडल 16’ का ग्रैंड फिनाले दो दिन चला, जिसमें सितारों ने खास परफॉर्मेंस दी. इस में जबरदस्त परफॉर्मेंस और रोमांचक सरप्राइज देखने को मिले.
मशहूर सिंगर उदित नारायण के बेटे आदित्य नारायण ‘इंडियन आइडल 16’ को होस्ट कर रहे थे. ग्रैंड फिनाले में उषा उत्थुप, उदित नारायण, पापोन, कुमार सानू, शहनाज गिल और उर्मिला मातोंडकर जैसे सेलिब्रिटीज शामिल हुए. ग्रैंड फिनाले में शहनाज गिल, सौरभ सचदेवा के साथ अपनी फिल्म ‘इश्कनामा’ को प्रमोट करने पहुंची थीं. ग्रैंड फिनाले में श्रेया घोषाल ने पापोन के साथ परफॉर्मेंस दी. गेस्ट उर्मिला मातोंडकर ने ‘रंगीला’ सहित अपने हिट गानों में धमाकेदार परफॉर्म किया. ‘इंडियन आइडल’ का सीजन 16 पिछले सीजन्स के मुकाबले ज्यादा लंबा चला.
