वैज्ञानिकों को बिंदी-सिंदूर और मंगलसूत्र में देख प्रभावित हुईं कंगना, बोलीं- इसे कहते हैं सादा-जीवन उच्च विचार

मनोरंजन

कंगना रनोट ने ‘इसरो’ में काम करने वाली महिला वैज्ञानिकों की तारीफ की है। चंद्रयान-3 मिशन पर काम करने वाली महिला वैज्ञानिकों की सादगी देख कंगना काफी प्रभावित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि माथे पर बिंदी, सिंदूर और गले में मंगल सूत्र पहनकर इन वैज्ञानिकों ने इतने बड़े मिशन को अंजाम दिया। यह दिखाता है कि इन महिला वैज्ञानिकों के अंदर भारत की सभ्यता और संस्कृति कूट-कूट कर भरी है। कंगना ने कहा कि ये महिला वैज्ञानिक सादा जीवन उच्च विचार की प्रतीक हैं।

कंगना ने शेयर की महिला वैज्ञानिकों की तस्वीर
कंगना ने इंस्टाग्राम पर इन महिला वैज्ञानिकों की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- इंडिया की लीडिंग साइंटिस्ट को देखिए, सभी ने साड़ी पहनी हुई हैं, उनके माथे पर बिंदी- सिंदूर है। मंगल सूत्र भी पहना हुआ है। यह सादा जीवन उच्च विचार का प्रतीक है। यह असली भारतीयता है। कंगना ने इसके साथ नेशनल फ्लैग वाला इमोजी भी लगाया।

आज कल की मॉडर्न जेनरेशन साड़ी पहनने, बिंदी लगाने और मंगल सूत्र पहनने को पिछड़ी मानसिकता बता देते हैं। उन्हें लगता है कि वेस्टर्न कपड़े पहनने वालों की सोच आधुनिक होती है, हालांकि ऐसा नहीं है।

इन महिला वैज्ञानिकों ने साबित कर दिया कि कपड़ों और सोच में कोई ताल्लुकात नहीं होता। इन महिलाओं ने ऐसा काम कर दिया है, जिसके लिए असाधारण प्रतिभा का होना जरूरी है।

PM मोदी ने भी रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में महिला वैज्ञानिकों के प्रतिभा और डेडिकेशन का जिक्र किया। उन्होंने कहा -भारत का मिशन चंद्रयान, नारी शक्ति का भी जीवंत उदाहरण है।

इस पूरे मिशन में अनेकों महिला वैज्ञानिक और इंजीनियर्स सीधे तौर पर जुड़ी रही हैं। भारत की बेटियां अब अनंत समझे जाने वाले अंतरिक्ष को भी चुनौती दे रही हैं। किसी देश की बेटियां जब इतनी आकांक्षी हो जाएं, तो उस देश को विकसित बनने से भला कौन रोक सकता है।