बलरामपुर में कन्हर नदी उफान पर, बाढ़ जैसे हालात, रामानुजगंज में गिरा कच्चा मकान
छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में भारी बारिश और कई जगहों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है। अगले 2 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। बलरामपुर रामानुजगंज जिले में कन्हर नदी, सेंदुर नदी, चनान नदी, गागर नदी, रीगड़ नदी, इरिया नदी सहित सभी छोटे बड़े नदी नाले उफान पर हैं. कन्हर नदी एनीकट से ऊपर पानी बह रहा है, जिससे कन्हर नदी रौद्र रूप में दिखाई दे रही है. महामाया मंदिर घाट, राम मंदिर घाट और शिव मंदिर घाट की सीढ़ियों तक नदी का पानी पहुंच चुका है.
रामानुजगंज शहर से महज कुछ किलोमीटर दूर लुर्गी गांव के खुटहन पारा बस्ती में पुलिया के ऊपर से पानी बहने की वजह से मुख्य सड़क से यह मोहल्ला पूरी तरह से कट चुका है. यहां रहने वाले बच्चे स्कूल नहीं जा सके. इस बस्ती के लोग अपने घरों में कैद रहने को मजबूर हैं. वहीं रामानुजगंज शहर के वार्ड 9 में पानी भरने की वजह से आवागमन प्रभावित हुआ है.
रामानुजगंज में कन्हर नदी के आसपास पुलिस प्रशासन और नगरपालिका की टीम लगातार गश्त पेट्रोलिंग कर रही है. लोगों को नदी के पास नहीं जाने के लिए समझाइश भी दी जा रही है ताकि किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो.
