कांकेर में फिर बवाल…10 ईसाइयों के घर तोड़े, मूल धर्म में लौटने से इनकार पर भड़के ग्रामीण
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में ईसाई परिवारों के दस घरों में तोड़फोड़ की गई है। पुसागांव में धर्म परिवर्तन को लेकर फिर से तनाव बढ़ गया है। लाठी-डंडों से लैस गांव वाले ईसाई समुदाय के लोगों के घरों में घुस गए, जिससे काफी नुकसान और हंगामा हुआ। मूल धर्म में वापसी के लिए ग्रामीणों ने बैठक रखी थी। लेकिन बात नहीं मानने पर उन्होंने घरों में तोड़-फोड़ किया। घरों में तोड़फोड़ का वीडियो सामने आया है। गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
आमाबेड़ा में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफ़नाने को लेकर बड़ा बवाल हो गया। बड़े तेवड़ा गांव के सरपंच द्वारा धर्मांतरित पिता के शव को जबरन गांव में दफन करने को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट की खबर सामने आई है। इस झड़प में पुलिस कर्मियों के भी घायल होने की खबर है। गांव को सील कर बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। दोनों पक्षों को अलग- अलग इलाके में सील किया गया है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी बातचीत में जुटे हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बड़े तेवड़ा गांव के सरपंच के पिता ने धर्मांतरण कर लिया था। उनकी मौत के बाद उन्हें दफना दिया गया। जिसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और लाश को कब्र से उखाड़ने की बात कहने लगे। इस मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। लेकिन उग्र भीड़ शांत होने का नाम नहीं ले रही थी। जिसके बाद दोनों तरफ जमकर झड़प और मारपीट हुई। लोगों ने कब्र को भी ध्वस्त कर दिया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस के आला अधिकारी मौजूद हैं।
