नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई में बदलाव का दौर जारी है। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कपिल मिश्रा को भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। दिल्ली बीजेपी ने हाल ही में नई टीम की घोषणा की थी। मिश्रा दिल्ली में आप के विधायक रहे चुके हैं। आप को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।
कपिल मिश्रा दिल्ली विधान सभा के पूर्व सदस्य हैं, जिन्होंने करावल नगर का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 2015 के दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के टिकट पर करावल नगर सीट 44,431 वोटों के अंतर से जीती थी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और चार बार के विधायक मोहन सिंह बिष्ट को हराया था।
मिश्रा को अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार में जल संसाधन मंत्री के रूप में कैबिनेट में शामिल किया गया था। लेकिन केजरीवाल और कैबिनेट सहयोगी सत्येन्द्र जैन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने के बाद उन्हें मंत्रालय से हटा दिया गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि केजरीवाल और जैन ने 2 करोड़ रुपये रिश्वत ली थी।
लेकिन मिश्रा इसे साबित करने में विफल रहे। आप विधायक होने के बावजूद उन्हें बीजेपी नेताओं का समर्थन करते और उनके साथ मंच साझा करते देखा गया था। उन्होंने 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान अपनी ही पार्टी के खिलाफ प्रचार भी किया था। इन पार्टी विरोधी गतिविधियों को विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल के संज्ञान में लाया गया था।
दलबदल और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आधार पर भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के पैराग्राफ 2(1)(ए) के नियम के तहत उचित प्रक्रिया के बाद मिश्रा को 2 अगस्त, 2019 को विधायक के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था। अपने निष्कासन के बाद 17 अगस्त, 2019 को मनोज तिवारी, विजय गोयल और सतीश उपाध्याय की उपस्थिति में आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गए थे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के पदाधिकारियों की नयी टीम की मंगलवार को घोषणा की गई थी। इसमें दिवंगत नेता सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज सहित कई नए चेहरों को जगह दी गई है। हर्ष मल्होत्रा, योगेंद्र चंदोलिया और कमलजीत सहरावत को दिल्ली इकाई के नए महासचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने नई टीम की घोषणा की, जिसमें कई महिला पदाधिकारी भी शामिल हैं। आठ सचिवों में बांसुरी स्वराज, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना के बेटे हरीश खुराना और इम्प्रीत सिंह बक्शी शामिल हैं। बांसुरी स्वराज ने हाल ही में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी।
बांसुरी को दिल्ली की भाजपा इकाई के कानूनी प्रकोष्ठ के सह-संयोजक के रूप में नियुक्त किया गया था। नवनियुक्त आठ उपाध्यक्षों में विष्णु मित्तल, दिनेश प्रताप सिंह, पूर्व महापौर लता गुप्ता और पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष योगिता सिंह शामिल हैं। सतीश गर्ग को पार्टी का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक अभय वर्मा को भाजपा की दिल्ली इकाई के मुख्य प्रवक्ता के पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं, प्रवीण शंकर कपूर को मीडिया विभाग के प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है। विक्रम मित्तल मीडिया संबंध से जुड़े मुद्दों को देखेंगे।
भाजपा की दिल्ली इकाई के नवनियुक्त 11 प्रवक्ताओं में शिखा राज, वीरेंद्र बब्बर, विक्रम बिधूड़ी, शुभेंदु शेखर अवस्थी, अजय सहरावत और प्रीति अग्रवाल शामिल हैं। रिचा पांडेय मिश्रा दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष होंगी। पार्टी की युवा नेता निकहत अब्बास को युवा मोर्चा की महासचिव बनाया गया है। भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने नई टीम को ‘युवा और ऊर्जावान’ नेताओं का मिश्रण करार दिया है।