कर्नाटक: चंद्रयान-3 मिशन पर ट्वीट को लेकर एक्टर प्रकाश राज के खिलाफ केस

राष्ट्रीय

Chandrayaan-3 का कथित तौर पर मजाक उड़ाने वाले एक्टर प्रकाश राज कानूनी मुश्किल में फंसते नजर आ रहे हैं। खबर है कि कर्नाटक के बागलकोट जिले में उनके खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज की गई है। राज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसके बाद विवाद गर्मा गया था। 14 जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से लॉन्च हुआ चंद्रयान-3, 23 अगस्त को चांद की सतह पर उतर सकता है।

समाचार एजेंसी एनआई के अनुसार, ‘चंद्रयान-3 मिशन को लेकर पोस्ट के चलते एक्टर प्रकाश राज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।’ उन्होंने बताया, ‘हिंदू संगठनों के नेताओं ने बागलकोट जिले के बनहट्टी पुलिस स्टेशन में एक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है।’

पोस्ट में क्या?
रविवार को X पर पोस्ट किया गया, जिसमें नजर आ रहा है कि शर्ट और लुंगी पहना हुआ एक शख्स चाय भर रहा है। उन्होंने लिखा, ‘चंद्रयान से पहला नजारा सामने आया है…।’ इस पोस्ट के बाद से ही सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना शुरू हो गई थी।

प्रकाश राज ने कार्टून में दिख रहे व्यक्ति के बारे में विशेष तौर पर कुछ नहीं लिखा था लेकिन सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के पूर्व प्रमुख के सिवन के मखौल के तौर पर लिया और अभिनेता को आड़े हाथ लिया। अभिनेता को आड़े हाथ लेने वालों में कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं प्रकाश राज की इस शर्मनाक ट्वीट के लिए निंदा करता हूं। इसरो की सफलता भारत की सफलता है।’

दी सफाई
प्रकाश राज ने एक अन्य पोस्ट में आलोचकों का जवाब देते हुए कहा कि ‘नफरत केवल नफरत देखती है’ और वह एक पुराने परिहास का संदर्भ दे रहे थे। अभिनेता ने सोमवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि उनकी पूर्व पोस्ट पुराने परिहास का संदर्भ था जो 1969 में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री और चंद्रमा पर पहली बार कदम रखने वाले नील आर्मस्ट्रांग के समय का है।

राज ने पोस्ट किया, ‘नफरत केवल नफरत देखती है…मैं आर्मस्ट्रांग के समय के परिहास का संदर्भ दे रहा था…केरल चायवाला का उत्सव मनाए…किस चायवाल ने यह ट्रोल किया देखो?? …अगर आप परिहास समझ नहीं सके तो यह परिहास आपके लिए है…परिपक्व बनो#बस पूछ रहा हूं।’