कर्नाटक CM सिद्धारमैया कल इस्तीफा दे सकते हैं, कांग्रेस की डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कल गुरुवार को इस्तीफा दे सकते हैं। पार्टी उनकी जगह उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को सीएम बना सकती है। दोनों नेताओं की मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी के साथ 6 घंटे तक बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने सिद्धारमैया से सीएम पद से इस्तीफा देने का कहा और उन्हें राज्यसभा भेजने का ऑफर दिया। साथ ही उन्हें दिल्ली में बड़ी राष्ट्रीय भूमिका निभाने को कहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ समर्थकों से चर्चा के बाद सिद्धारमैया ने कहा कि वे बाईमान का फैसला मानेंगे। उन्होंने गुरुवार सुबह मंत्रियों को ब्रेकफास्ट मीटिंग के लिए बुलाया है। इसी दिन सिद्धारमैया इस्तीफा दे सकते हैं।

हालांकि इससे पहले बैठक में शामिल रहे पार्टी के संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने कहा था- जो अटकलें लगाई जा रही हैं, वे सिर्फ अटकलें हैं। इनमें कोई सच्चाई नहीं है। बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद (MLC) चुनावों पर चर्चा हुई। दरअसल कर्नाटक कांग्रेस में एक साल से सीएम पद पर खींचतान जारी है। डीके समर्थकों का दावा है कि 2023 में केंद्रीय नेतृत्व ने ढाई-ढाई साल की सत्ता का फॉर्मूला दिया था।

सूत्रों के मुताबिक पहले सिद्धारमैया ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था। सिद्धारमैया ने पार्टी नेतृत्व से कहा था कि अगर मुझे हटाया गया तो पार्टी टूटेगी, क्योंकि 50-60 विधायक मेरे साथ हटेंगे। मैं डीके शिवकुमार के नीचे काम नहीं करूंगा।