कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने RSS पर कटाक्ष किया, ‘व्यक्तियों के समूह’ से पंजीकरण दस्तावेज तैयार रखने को कहा

कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी अपने ‘‘राजनीतिक रूप से वरिष्ठ’’ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)-से पंजीकरण दस्तावेज तैयार रखने को कहे। खरगे ने आरएसएस को ‘‘व्यक्तियों का समूह’’ बताया और सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति की पोस्ट का हवाला देते हुए संघ और भाजपा पर उन्हें अपशब्द कहने तथा धमकी देने का आरोप लगाया। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने पंजीकरण के बिना संघ के काम करने को लेकर कांग्रेस नेताओं की आलोचना पर परोक्ष प्रतिक्रिया देते हुए नवंबर 2025 में कहा था कि संगठन को ‘‘व्यक्तियों के समूह’’ के रूप में मान्यता प्राप्त है।

उनके अनुसार, आयकर विभाग और अदालतों ने आरएसएस को ‘‘व्यक्तियों का समूह’’ बताया है और संगठन को आयकर से छूट प्राप्त है। खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा उन्हें अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने के लिए आरएसएस का इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भाजपा की कर्नाटक इकाई, आप इतने चिंतित क्यों हैं? गृह मंत्री के रूप में पदभार संभाले मुझे 48 घंटे भी नहीं हुए हैं लेकिन आपका डर, बेचैनी और परेशानी पहले से ही साफ दिखने लगी है। मुझे अपशब्द कहने और मुझे जान से मारने की धमकी देने के लिए आपने आरएसएस का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। आप जो चाहें करिए।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘सबसे महत्वपूर्ण बात, कृपया अपने ‘व्यक्तियों के समूह’ को मेरा अभिवादन पहुंचा दें और अपने ‘राजनीतिक वरिष्ठ’ (पॉलिटिकल सुपिरियर)संगठन से अपने पंजीकरण दस्तावेज तैयार रखने को कहें।’’ प्रियंक खरगे के खिलाफ जातिसूचक और अपमानजनक टिप्पणियां करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में करकला में 48 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।