72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड : आर्टिकल 370 को बेस्ट फीचर फिल्म, कार्तिक आर्यन बेस्ट एक्टर, यामी गौतम बेस्ट एक्ट्रेस

फिल्म आर्टिकल 370 को शनिवार को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में वर्ष 2024 की बेस्ट फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। वहीं, फिल्म ‘श्रीकांत’ को बेस्ट हिंदी फिल्म का पुरस्कार मिला और यामी गौतम को लीडिंग रोल में बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार दिया गया। वहीं, ‘ब्रमायुगम’ के लिए ममूटी और ‘चंदू चैंपियन’ के लिए कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से लीडिंग रोल में बेस्ट एक्टर का पुरस्कार दिया गया।

बेस्ट फीचर फिल्म का पुरस्कार जीतने वाली ‘आर्टिकल 370’ का निर्देशन आदित्य सुहास जांभले ने किया था। फिल्म में यामी गौतम ने मुख्य भूमिका निभाई थी, जिसके लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। जो उनका पहला नेशनल अवॉर्ड होगा। सैकनिल्क के मुताबिक, करीब 20 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 110 करोड़ रुपए का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया।

कार्तिक आर्यन और ममूटी को संयुक्त रूप से बेस्ट एक्टर का पुरस्कार मिला। यह कार्तिक का पहला नेशनल अवॉर्ड है, जबकि ममूटी का यह चौथा नेशनल अवॉर्ड है। बेस्ट हिंदी फिल्म का पुरस्कार जीतने वाली फिल्म ‘श्रीकांत’ का डायरेक्शन तुषार हीरानंदानी ने किया था। फिल्म में मुख्य भूमिका में राजकुमार राव नजर आए थे। फिल्म में ज्योतिका, अलाया एफ और शरद केलकर भी अहम भूमिकाओं में थे। सैकनिल्क के मुताबिक, 35 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 60 करोड़ रुपए कमाए।