कवर्धा : नदी में कार गिरने से 4 मौतें, गड्ढे से बैलेंस बिगड़ा, पलटते हुए 30 फीट नीचे गिरी
छत्तीसगढ़ : कवर्धा जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर फोक नदी में जा गिरी। हादसा पांडातराई थाना क्षेत्र में हुआ, जहां कार सड़क किनारे गड्ढे से टकराने के बाद बैलेंस खो बैठी और पलटते हुए करीब 30 फीट नीचे नदी में जा गिरी। कार में सवार सभी युवक रायपुर के बिरगांव इलाके से पंडरिया शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसा इतना तेज था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही 4 युवकों ने दम तोड़ दिया। देर रात हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर राहत का काम शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार में कुल 6 युवक सवार थे। पांडातराई के पास सड़क पर बने गड्ढे से गुजरते वक्त चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालात अचानक बिगड़ गए और कार सीधे नीचे नदी में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों ने आवाज सुनते ही दौड़कर मदद शुरू की। स्थानीय लोगों ने किसी तरह कार तक पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। अधिकारियों के अनुसार पुलिस टीम और एंबुलेंस कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। दोनों घायलों की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है।
घटनास्थल पर पहुंची पांडातराई पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को नदी से बाहर निकलवाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पंचनामा कार्रवाई पूरी की जा रही है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर गड्ढे को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है, हालांकि पूरे मामले की जांच अभी जारी है। देर रात हुए इस हादसे के बाद शादी वाले घर में भी मातम का माहौल है। जिन युवकों को खुशी के मौके पर पहुंचना था, वे रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए।
