बारिश की वजह से केदारनाथ यात्रा रोकी गई: 17 घंटे बाद बद्रीनाथ हाईवे खुला

राष्ट्रीय

देश भर में मानसून एडवांस स्टेज में पहुंच गया है। इस हफ्ते लगभग सभी राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले 24 घंटे में मध्यप्रदेश-राजस्थान समेत 19 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है।उधर, भारी बारिश के कारण केदारनाथ या‌त्रा दिन भर के लिए रोक दी गई है। लैंड स्लाइड के 17 घंटे बाद बद्रीनाथ का रास्ता दोबारा खोल दिया गया है। IMD मुंबई के मुताबिक शुक्रवार दोपहर तक मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के मुताबिक, राज्य के 4 जिलों में अभी भी 40 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। राज्य में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। गुजरात के पंचमहल में भारी बारिश से एक फैक्ट्री की दीवार गिर गई। इस हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। हिमाचल प्रदेश के शिमला में बाढ़ जैसे हालात हैं। वहीं, उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार को भारी बारिश की वजह से छिनका के पास लैंडस्लाइड हो गया था।

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: उत्तराखंड, असम, पश्चिम-पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी-पूर्वी उत्तरप्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी-पश्चिम मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, केरल, गोवा, सिक्किम और अंडमान-निकोबार।