बेडरूम में किसी और के साथ थे केरल के मंत्री केबी गणेश कुमार, पत्नी ने लगाए आरोप, बोलीं- फोटो है मेरे पास
केरल के परिवहन मंत्री केबी कुमार की पत्नी बिंदु मेनन ने सोमवार को उनके खिलाफ धोखा देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि उनके पास उनके अवैध संबंधों के पुख्ता सबूत मौजूद हैं। मेनन के मुताबिक, उन्होंने कुमार को कोल्लम जिले के वालाकम स्थित उनके आधिकारिक आवास पर बेडरूम में एक महिला के साथ आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ लिया था, जिसके बाद मंत्री के स्टाफ ने उन पर हमला भी किया।
बिंदु मेनन ने विस्तार से अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया, “मैं वालाकम के घर पहुंची और सीधे बेडरूम में घुस गई। वहां जो दृश्य मैंने देखा, उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती।” मेनन ने आगे आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस घटना की फोटो खींचने का प्रयास किया, तो मंत्री के ड्राइवर संथान ने उन्हें रोक लिया और धक्का-मुक्की की। “वह बेहद विकट परिस्थिति थी। मेरे पास सभी तस्वीरें सुरक्षित हैं। जरूरत पड़ी तो मैं इसे सबूत के तौर पर पेश करुंगी।
मेनन ने खुलासा किया कि 2014 में शादी के बाद से ही उनके वैवाहिक जीवन में लगातार कलह बनी हुई है। केरल कांग्रेस (बी) के नेता कुमार ने उसी साल यामिनी थांकेची से कानूनी रूप से तलाक लेने के बाद मेनन से विवाह किया था। 2019 में एक बड़े विवाद के दौरान मेनन ने अपनी रिश्तेदार और पूर्व डीजीपी व भाजपा नेता आर श्रीलेखा से सहायता मांगी थी।
उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से वे अलगाव की जिंदगी जी रही हैं, क्योंकि कुमार का कथित तौर पर कई महिलाओं से संबंध है। मेनन ने बताया कि “महिलाओं को लेकर हमारी बार-बार लड़ाई होती थी। फिर उन्होंने मेरा फोन ट्रैक किया और उल्टा मुझ पर दोस्तों से प्रेम प्रसंग के आरोप लगाए। मेनन का कहना है कि कुमार ने उनका फोन ब्लॉक कर दिया और अपने कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि वे उनसे कोई बातचीत न करें। मेनन ने स्पष्ट कहा कि वो अब इस वैवाहिक रिश्ते को पूरी तरह समाप्त करना चाहती हैं। इसी उद्देश्य से वे शनिवार को वालाकम स्थित कुमार के घर गईं, जहां यह घटना घटी।
