खंडवा : MP के मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर हवा में लड़खड़ाया, टेकऑफ के बाद पीछे की तरफ गया

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़ा एक बड़ा हादसा टल गया. खंडवा जिले के पंधाना में टेकऑफ के दौरान मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर अचानक डगमगाने लगा. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हेलीकॉप्टर उड़ान भरते समय बाईं ओर झुकता दिखता है, फिर सीधा होता है और फिर थोड़ा पीछे की ओर मुड़ता नजर आता है. इसकी वजह से काफी धूल भी उड़ने लगी और इस दौरान वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गई. हालांकि, आधे मिनट बाद हेलीकॉप्टर ने दोबारा सुरक्षित तरीके से उड़ान भरी.

मुख्यमंत्री मोहन यादव खंडवा जिले के पंधाना में राज्य स्तरीय लाड़ली बहना योजना कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर में सवार हुए और पायलट ने उड़ान भरनी शुरू की, हेलीपैड के आसपास मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. वीडियो में साफ दिखता है कि टेकऑफ के वक्त हेलीकॉप्टर आगे बढ़ने के बजाय अनियंत्रित होकर पीछे की ओर खिसकने लगा और कुछ पलों के लिए रुक गया.

हालांकि, पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर की रफ्तार कम कर दी. उड़ान के दौरान काफी धूल उड़ रही थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए स्पीड घटाई गई. कुछ ही सेकंड में हेलीकॉप्टर संतुलित हो गया और सुरक्षित तरीके से उड़ान भर ली. इसके बाद मुख्यमंत्री सुरक्षित रूप से भोपाल पहुंच गए. यह वीडियो रविवार को सामने आया.

इस मामले पर खंडवा के एसपी ने बताया कि हेलीकॉप्टर में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी. संबंधित अधिकारियों से तुरंत संपर्क किया गया था और उन्होंने बताया कि स्थिति सामान्य थी. टेकऑफ के समय हेलीकॉप्टर सही दिशा में नहीं था. वह हवा में उठने के बाद अपनी तय दिशा में मुड़ने लगा. इसी दौरान धूल ज्यादा उड़ने लगी, जिसे रोकने के लिए पायलट ने हेलीकॉप्टर की गति कम की. कुछ ही सेकंड में हेलीकॉप्टर को थोड़ा नीचे लाकर नियंत्रित किया गया और फिर सुरक्षित तरीके से उड़ान भरी गई.

.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *