खंडवा : गणेशोत्सव में सनातन धर्म में वापसी, शेख अनीस ने अपनाया नया नाम गणेश

गणेशोत्सव के दौरान खंडवा के प्रसिद्ध महादेवगढ़ मंदिर में एक युवक ने सनातन धर्म में वापसी की.सेंधवा निवासी शेख अनीस महादेवगढ़ मंदिर पहुंचे. जहां उन्होंने विधि-विधान से सनातन धर्म अपनाया और अपना नाम गणेश रखा. इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान किए गए और जयकारों के साथ आरती उतारी गई.

सनातन धर्म अपनाने की प्रक्रिया के तहत गणेश ने दसविधि स्नान किया. इसके बाद प्रायश्चित हवन में आहुतियां अर्पित कीं. धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद उन्होंने महादेवगढ़ सरकार के जयकारे लगाए और आरती में शामिल हुए. मंदिर में मौजूद लोगों ने भी इस दौरान धार्मिक वातावरण में सहभागिता की.गणेश के मुताबिक, वह रेत का व्यवसाय करते हैं. इसी काम के सिलसिले में उनका सेंधवा के बिजासन मंदिर में लगातार आना-जाना होता था. मंदिर आने-जाने के दौरान धीरे-धीरे उनका मन सनातन धर्म की ओर आकर्षित हुआ. इसके बाद उन्होंने सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया और खंडवा के महादेवगढ़ मंदिर पहुंचकर धार्मिक विधि पूरी की.

गणेश ने बताया कि रेत के व्यवसाय के कारण उनका सेंधवा और आसपास के धार्मिक स्थलों पर आना-जाना बना रहता है. इसी दौरान उनका झुकाव सनातन परंपराओं और धार्मिक गतिविधियों की ओर बढ़ता गया. उन्होंने अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाने की बात कही.

महादेवगढ़ मंदिर के संरक्षक अशोक पालीवाल के मुताबिक, मंदिर में अब तक 16 युवा और एक किन्नर सनातन धर्म में वापसी कर चुके हैं. इसके अलावा 90 से ज्यादा युवतियों ने महादेवगढ़ मंदिर में आकर विवाह भी रचाया है.मंदिर प्रबंधन का कहना है कि महादेवगढ़ में धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक और वैवाहिक गतिविधियां भी लगातार होती रहती हैं. गणेशोत्सव के दौरान युवक के सनातन धर्म अपनाने का यह आयोजन भी मंदिर परिसर में चर्चा का विषय बना रहा.