रायपुर में खड़गे की थोड़ी देर में किसान-जवान-संविधान सभा, वेणुगोपाल भी शामिल होंगे

छत्तीसगढ़ कांग्रेस की किसान, जवान, संविधान जनसभा आज (सोमवार) रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में होगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस जनसभा में शामिल होंगे। इस सभा के जरिए कांग्रेस DAP और खाद की किल्लत, प्रदेश में बढ़ते अपराध और शराब के अवैध कारोबार जैसे मुद्दों पर साय सरकार को घेरेगी।
दोपहर 12.30 से 2.30 बजे तक साइंस कॉलेज मैदान में सभा में शामिल होंगे। सभा के बाद खड़गे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पार्टी की बैठक में शामिल होंगे। सभा के बाद खड़गे और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल शाम 4 बजे पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक लेंगे। इसमें आगामी कार्यक्रम और रणनीतियों पर विचार होगा। खड़गे शाम को 6 बजे रवाना होंगे।
रविवार को कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने सभा स्थल का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनसभा सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। कार्यकर्ताओं के माध्यम से खड़गे और राहुल गांधी का संदेश जनता तक जरूर पहुंचेगा।
जनसभा के पहले आज सोमवार को रायपुर में लगातार तेज बारिश हो रही है। जिसके कारण कार्यक्रम स्थल के आसपास पानी जमा हो गया। सभा के लिए एक विशाल डोम और दो सहायक डोम बनाए गए हैं। लेकिन दो डोम के बीच की जगह कवर नहीं होने से वहां बारिश का पानी जमा हो गया।