खड़गे बोले-विपक्ष 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग का घेराव करेगा, कहा- EC सरकार की कठपुतली

दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बुधवार को INDIA ब्लॉक की आठवीं बैठक हुई। मीटिंग 3 घंटे चली। इसमें स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR), EVM-VVPAT और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर चर्चा हुई। मीटिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी-शाह ने चुनाव आयोग को कठपुतली बना दिया है। इसके जरिए वोट चोरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में मार्च निकालेगा। 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग का घेराव करेंगे।

उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में बैलेट पेपर से वोटिंग कराई जाए। बैठक में अरविंद केजरीवाल की AAP, विजय की TVK और एमके स्टालिन की डीमके शामिल नहीं हुई।

इंडिया ब्लॉक की बैठक में 19 पार्टियां शामिल हुईं। इनके पास लोकसभा में 178 और राज्यसभा में 62 सांसद हैं। ये पार्टियां हैं- कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, NCP (SP), शिवसेना (UBT), RJD, CPM, CPI, NC, PDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC (M), MDMK, VCK, RSP, AIFB और KC (J)।

राहुल गांधी ने कहा, ‘हमारी बातचीत बहुत अच्छी रही। BJP, अमित शाह, पीएम मोदी और ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं। BJP, पीएम मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र पर कब्जा कर लिया है। हम इसे चुपचाप बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम यह पक्का करेंगे कि लोकतंत्र को बर्बाद करने वालों को सजा मिले। भारतीय लोकतंत्र किसी एक व्यक्ति से बड़ा है। हम एक गठबंधन हैं और देश में बड़े बदलाव लाएंगे।

खड़गे ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ आम लोग, युवा, INDIA गठबंधन, NGO और एकता और लोकतंत्र के लिए काम करने वाले संगठनों को जुटाया जाएगा।

2-8 अक्टूबर: जिला स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ और DM ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे।
6 अक्टूबर: सभी विपक्षी सांसद चुनाव आयोग तक ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च निकालेंगे। इसे आज ही करना चाहते थे, लेकिन सभी को 6 तारीख को बुलाने का फैसला किया गया है।
अक्टूबर का दूसरा हफ्ता: विपक्षी नेता भारत के राष्ट्रपति से मुलाका का समय (अपॉइंटमेंट) मांगेंगे।
विपक्ष की 5 बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी।

ममता बनर्जी ने कहा, बीजेपी ने वोट चोरी करके बंगाल में लूट की, एमपी, हरियाणा, बिहार छत्तीसगढ़ में जीते। ज्ञानेश कुमार चोर-डाकू है। वोट चोरी किया, ईवीएम मशीन जला दी। ईवीएम मशीन हैक कीं। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए। खड़गे ने बताया कि बैठक 3 घंटे चली। 20 दल शामिल हुए। चुनाव आयोग कठपुतली की तरह काम कर रहा है। इसके खिलाफ 20 विपक्षी दल मिलकर छह अक्टूबर से हर जिले में ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ करेंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, मोदी-शाह चुनाव आयोग को कठपुतली की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। ये चोरी करवा रहे हैं और चोरी करके इलेक्शन जीत रहे हैं। जहां भी हमारे नेता न्यायपूर्ण लड़ाई लड़ रहे हैं, लोकतंत्र और युवाओं के लिए, ये उन्हें भी तंग कर रहे हैं।