CG : जशपुर जिले में बस पलटने से पांच लोगों की मौत, 20 घायल

जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झारखंड के कुरडेग से कुनकुरी आ रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। इनमें से चार गंभीर घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कलेक्टर रोहित व्यास ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार अनमोल बस करडेगा (झारखंड) से कुनकुरी की ओर आ रही थी। सुबह करीब 9:45 बजे करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़अंबा गांव में ढलान के दौरान बस का ब्रेक फेल हो गया। बस में सवार एक यात्री ने बस रोकने के लिए कहा, तभी कंडक्टर ने चिल्लाकर बताया कि बस का ब्रेक फेल हो गया है। कुछ ही क्षण बाद बस अनियंत्रित होकर सुरेंद्र साय के निर्माणाधीन आवास के पास पलट गई। बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर तीन एम्बुलेंस भेजी गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद गोड़अंबा गांव के निवासी दिगंबर यादव ने तुरंत मदद के लिए पहल की। उनके साथ सरपंच पति शिवशंकर साय, उपसरपंच दशरथ प्रसाद यादव और प्रभाशंकर यादव ने मिलकर प्रशासन को सूचना दी। जेसीबी की मदद से बस को हटाकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों का इलाज कुनकुरी, जिला अस्पताल और अन्य अस्पतालों में किया जा रहा है। 13 घायलों का स्थानीय अस्पतालों में उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय कुनकुरी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज व सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।