स्पेन में दो हाई स्पीड ट्रेनों के बीच टक्कर, 21 लोगों की मौत, 73 घायल

स्पेन के कॉर्डोबा प्रांत में रविवार रात एक ट्रेन पटरी से उतरकर दूसरी ट्रेन से टकरा गई। हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 73 यात्री घायल हैं। न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, दोनों ट्रेन में करीब 500 यात्री सवार थे। मलागा से मैड्रिड जा रही ट्रेन पटरी से उतरकर पास की लाइन पर चली गई और वहां मैड्रिड–हुएलवा रूट पर चल रही AVE ट्रेन से टकरा गई। स्थानीय स्वास्थ्य मंत्री एंटोनियो सैंज ने बताया कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और घायलों को छह अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ।

स्पेनिश पब्लिक ब्रॉडकास्टर RTVE के पत्रकार साल्वाडोर जिमेनेज भी इर्यो ट्रेन में सफर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि ट्रेन के आखिरी दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें से एक पूरी तरह पलट गया। ट्रेन शाम 6:40 बजे समय पर मलागा से रवाना हुई थी। कुछ देर बाद अचानक जोरदार झटका लगा और ट्रेन पटरी से उतर गई। इसके बाद यात्रियों को हथौड़ों से खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया। कई यात्रियों को खिड़कियों से बाहर निकलने के दौरान चोटें भी आईं। कुछ यात्रियों ने ट्रेन के अंदर धुआं भरने की भी शिकायत की।

स्पेन की रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर एजेंसी ADIF ने बताया कि मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच सभी ट्रेन सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दी गई हैं। मौके पर आपातकालीन सेवाएं तैनात हैं और राहत-बचाव कार्य रातभर जारी रहा। स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने कहा कि वह ADIF के ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर से हालात पर नजर रखे हुए हैं।​ ​​रेस्क्यू ऑपरेशन में स्पेन की सेना की इमरजेंसी यूनिट्स भी शामिल की गई हैं।