IPL में KKR की लगातार दूसरी हार, SRH 65 रन से जीता, हेनरिक क्लासन की फिफ्टी
IPL के 19वें सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहली जीत हासिल की। टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स को उन्हीं के होमग्राउंड पर 65 रन से हरा दिया। यह 2024 की चैंपियन KKR की लगातार दूसरी हार है, इससे पहले टीम को मुंबई इंडियंस ने हराया था। वहीं SRH को बेंगलुरु से हार मिली थी। ईडन गार्डन्स स्टेडियम में KKR ने बॉलिंग चुनी। हैदराबाद ने 8 विकेट खोकर 226 रन बनाए। कोलकाता 16 ओवर में 161 रन बनाकर सिमट गई। टीम से अंगकृष रघुवंशी ने फिफ्टी लगाई। ब्लेसिंग मुजरबानी ने 4 और वैभव अरोड़ा ने 2 विकेट लिए। SRH से हेनरिक क्लासन ने फिफ्टी लगाई, उन्होंने 4 विकेट गिर जाने के बाद नीतीश रेड्डी के साथ 82 रन जोड़े और टीम को 200 के पार पहुंचाया था। प्लेयर ऑफ द मैच रेड्डी ने 39 रन बनाने के बाद 2 विकेट भी लिए। उनके अलावा ईशान मलिंगा को भी 2 विकेट मिले। जयदेव उनादकट ने 3 विकेट लिए।
