IPL में आज कोलकाता Vs मुंबई, प्लेऑफ के लिए कोलकाता का जीतना जरूरी
IPL 2026 का 65वां मैच आज कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। मुकाबला ईडन गार्डन्स में शाम 7.30 बजे से शुरू होगा। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए कोलकाता को हर हाल में जीतना होगा। टीम 12 मैच में 11 पॉइंट्स के साथ आठवें स्थान पर हैं। वहीं टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी मुंबई 12 मैच में 8 पॉइंट्स के साथ नौवें स्थान पर हैं।
दोनों टीमों के बीच अब तक 36 मैच हुए हैं। कोलकाता ने 11 और मुंबई ने 25 मैच जीते हैं। इस सीजन के पहले मुकाबले में मुंबई ने जीत दर्ज की थी। कोलकाता बुधवार का मैच जीत भी जाती है, तो भी उसकी किस्मत पंजाब किंग्स के हाथों में रहेगी। बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद प्लेऑफ में जगह पक्की कर चुके हैं। अब एक जगह बची है, जिसके लिए 5 टीमें रेस में हैं।
पंजाब किंग्स के 13 अंक हैं। राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के 12-12 अंक हैं। कोलकाता के 11 अंक हैं। फिन एलन ने ओपनिंग में शानदार वापसी की है। उन्होंने पिछले कुछ मैचों में एक शतक और 35 गेंदों में 93 रन बनाए हैं। अंगकृष रघुवंशी और उप-कप्तान रिंकू सिंह मिडिल ऑर्डर को मजबूती दे रहे हैं। रघुवंशी टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। कार्तिक त्यागी ने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। मुंबई प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन वह कोलकाता का गणित बिगाड़ने उतरेगी। चोट के कारण पिछले तीन मैच मिस करने वाले कप्तान हार्दिक पंड्या वापसी के लिए तैयार हैं। उन्होंने सोमवार को नेट्स पर अभ्यास किया।
