कोरबा में हाथियों ने 19 किसानों की फसल रौंदी, 39 हाथियों के झूंड ने फेंसिंग-खंभे भी तोड़े
छत्तीसगढ़ : कोरबा वन मंडल में 39 हाथियों के झुंड ने 19 किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया है। हाथियों ने खेतों में लगी फसल रौंदने के साथ-साथ फेंसिंग और बिजली के खंभों को भी तोड़ दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, झुंड पूरी रात सक्रिय रहा और सुबह होते ही जंगल की ओर लौट गया। पीड़िया, सेंद्रीपाली, श्रीमार और तीलईडबरा गांवों में दर्जनों किसानों की मेहनत पलभर में मिट्टी में मिल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षति का निरीक्षण किया। किसानों का कहना है कि फसलें कटाई के बिल्कुल करीब थीं, ऐसे में लगातार हो रही इस समस्या से उनकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से मुआवजा और ठोस सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।
कटघोरा वन मंडल के आमाटिकरा व परला क्षेत्र में लगभग 42 हाथियों का दल घूम रहा है, जो गांवों के आसपास मंडराते हुए खेतों को नुकसान पहुंचा रहा है।
