कुलदीप आखिरी बॉल पर रनआउट, गुजरात की IPL में सबसे छोटी जीत
गुजरात टाइटंस ने बुधवार को IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स को रोमांचक मुकाबले में 1 रन से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में आखिरी गेंद पर कुलदीप यादव रनआउट हो गए। डेविड मिलर ने 106 मीटर लंबा सिक्स लगाया। गुजरात टाइटंस ने रन के हिसाब से सबसे छोटी जीत हासिल की। टीम की जीत एक रन की रही। टीम ने 2024 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 रन, 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 7 रन, 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 8 रन और उसी साल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 14 रन से जीत दर्ज की थी।
बटलर के टी-20 में 600 सिक्स पूरे हुए। इस मैच में उन्होंने 5 सिक्स लगाए। सबसे ज्यादा सिक्स के मामले में क्रिस गेल (1056), कीरोन पोलार्ड (982), आंद्रे रसेल (784), निकोलस पूरन (712) उनसे आगे हैं। इसके अलावा बटलर ने एक ही पारी में 14वीं बार 5 या उससे ज्यादा सिक्स भी लगाए। साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने चौके से अपना खाता खोला। पहले ओवर की पहली ही बॉल पर सुदर्शन ने पैड्स पर आई गेंद को मिडविकेट के पार खेलकर बाउंड्री हासिल की। इसके बाद सिंगल लेकर उन्होंने गिल को स्ट्राइक दी। गिल ने ओवर की तीसरी बॉल पर ऑफ साइड में शानदार शॉट लगाते हुए चौका जड़ दिया।
जोस बटलर ने मुकेश कुमार के ओवर में 3 सिक्स लगाए। 5वें ओवर की पहली दो बॉल पर बटलर ने दो सिक्स लगा दिए। उन्होंने पहली गेंद पर स्कूप शॉट खेला, इसके बाद दूसरी गेंद पर सामने की दिशा में सिक्स लगा दिया। यह सिक्स 96 मीटर लंबा रहा। इसके बाद बटलर ने ओवर की पांचवीं गेंद पर भी सिक्स लगाया। बाद में बटलर 52 रन बनाकर कुलदीप यादव की गेंद पर बोल्ड हो गए। 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर शुभमन गिल को जीवनदान मिला। अक्षर पटेल की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर डेविड मिलर से उनका कैच छूट गया। गिल ने आगे बढ़कर शॉट खेला, लेकिन टाइमिंग सही नहीं रही और गेंद हवा में चली गई।
मिलर ने दौड़कर कैच पकड़ने की कोशिश की। लेकिन गेंद सिर्फ उंगलियां में ही लग सकी। इसके बाद गिल ने 14.5 ओवर में लुंगी एनगिडी की गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और 70 रन बनाकर आउट हुए।
