लाल कृष्ण आडवाणी अपोलो अस्पताल से डिस्चार्ज, चेस्ट इन्फेक्शन की वजह से थे भर्ती
बीजेपी के दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. उन्हें चेस्ट में इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया. इलाज के बाद आराम होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को छाती में संक्रमण के चलते दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शनिवार को अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि उन्हें सीने में परेशानी के चलते अपोलो अस्पताल ले जाया गया था. जहां आईसीयू में भर्ती कर उनका इलाज किया गया.
अस्पताल की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, एल के आडवाणी (98) का इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में उपचार किया गया, जहां उनका इलाज न्यूरोलॉजी कंसल्टेंट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में हुआ.
उनकी हालत स्थिर होने के बाद आज 19 अक्टूबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
सूत्रों के अनुसार, आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे जसोला विहार स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि अब उन्हें आराम है.
आडवाणी कई बार भाजपा के अध्यक्ष रहे हैं और उन्होंने 2002 से 2004 तक भारत के उपप्रधानमंत्री के रूप में सेवाएं दी हैं. पार्टी को एक प्रमुख राष्ट्रीय राजनीतिक ताकत बनाने में इनकी अहम भूमिका रही है. कई दशकों तक पार्टी और देश की सेवा करने वाले आडवाणी की तबियत इससे पहले भी कई बार खराब हो चुकी है. हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि यह सामान्य मौसमी संक्रमण या बीमारियों की वजह से है.
