राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पत्नी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी समेत पूरे परिवार संग तिरुपति बालाजी के दर्शन किया। उनके दोनों बेटे तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव ने अपने सिर भी मुंडवाया। तेजस्वी यादव ने अपनी बेटी कात्यायनी का भी मुंडन करवाया। इसके बाद बालाजी भगवान का दर्शन किया। दोनों भाई धोती पहने नजर आए।
डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज सवेरे आंध्र प्रदेश के तिरुमाला पर्वत स्थित उत्कृष्ट शिल्प कौशल के अद्भुत उदाहरण एवं भक्ति, विश्वास और श्रद्धा के प्रतीक भगवान श्री तिरुपति बालाजी मंदिर में सपरिवार पूजा-अर्चना व दिव्य दर्शन कर सकारात्मक ऊर्जा एवं आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गर्भगृह में विराजमान भगवान वेंकटेश्वर से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए मंगल प्रार्थना की। आज शादी की सालगिरह के विशेष दिन पर बेटी कात्यायनी का मुंडन संस्कार भी संपन्न हुआ।
तेजस्वी यादव ने आगे लिखा कि सकारात्मक ऊर्जा उत्सर्जित करने वाले पौराणिक ऐतिहासिक व आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा ज्ञानार्जन, शुभता, दिव्य हस्तक्षेप, आध्यात्मिक सांत्वना, आत्म-साक्षात्कार, ध्यान और परमात्मा से जुड़ने का जरिया, व्यक्तिगत व सामुदायिक विकास तथा मानव जीवन के मूल उद्देश्य की गहराई को समझने की चाह रखने वालों के लिए एक मार्गदर्शन के रूप में भी कार्य करती है।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि ब्राह्मण परिवार को न्याय नहीं मिलेगा। जिस दल के मंत्री-विधायक सनातन हिंदू धर्म के देवी-देवताओं पर भद्दी टिप्पणी करेंगे, उसके मुखिया विशेष विमान से तिरुपति बालाजी गए। खर्च कौन उठा रहा, यह बताएंगे? उन्होंने कहा कि बिहार में सनातन विरोध और बिहारियों के खिलाफ बोलने वालों का राज है। जातिवाद और परिवारवाद से आगे किसी को कुछ दिख ही नहीं रहा है।