लश्कर कमांडर लतीफ भट एनकाउंटर में मारा गया, कुलगाम की मस्जिद में छिपा था
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में एक ऑपरेशन के दौरान लश्कर-ए-तैयबा का वॉन्टेड कमांडर लतीफ भट मारा गया है. CRPF जवानों पर हुए कुलगाम हमले के आठ दिन बाद सुरक्षा बलों को यह बड़ी कामयाबी मिली है. सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में शामिल लोगों की तलाश में यह ऑपरेशन एक अहम सफलता है. कुलगाम जिले में 18 नवंबर की सुबह से ही सुरक्षा बलों और लश्कर कमांडर के बीच मुठभेड़ जारी थी.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ के बीच लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर लतीफ भट फंसा गया था, जिसके बाद पुलिस ने उससे सरेंडर करने को कहा था.
अधिकारियों ने बताया कि वह एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था और जब उसे सरेंडर करने के लिए कहा गया, तो उसने सुरक्षा बलों पर गोली चला दी.
इस इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी और घेराबंदी अभियान चलाया जा रहा था और 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई. यह नई मुठभेड़ तड़के करीब 2:45 बजे शुरू हुई, ठीक उस वक्त के बाद जब पुलिस ने वीडियो कॉल पर भट से बात की और उसे सरेंडर करने के लिए कहा. एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, “हम तुम्हारे साथ हैं.”
हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा, “मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है. मैं बहुत खुश हूं.”
इससे पहले, सोमवार को कुलगाम में हुई एक मुठभेड़ में लतीफ का साथी उमर निसार डार मारा गया था.
