सूखे की समीक्षा बैठक में काजू-बादाम खाते दिखे नेता, भड़के किसान

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में सूखे और फसल नुकसान की समीक्षा बैठक का एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया है. वीडियो में बैठक के दौरान कुछ सांसद, विधायक और अधिकारी काजू-बादाम खाते नजर आए. इस पर किसानों की हालत को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं. बीजेपी नेता रावसाहेब दानवे ने बैठक में ड्राई फ्रूट्स परोसे जाने को लेकर नेताओं और अधिकारियों का बचाव किया है.

रावसाहेब दानवे ने कहा कि सिर्फ इसलिए नेताओं को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता कि बैठकों या दौरे के दौरान उन्हें खाने-पीने की चीजें दी गईं. उन्होंने कहा कि जब कोई नेता किसी के घर जाता है तो लोग चाय और खाने के लिए कुछ देते हैं. इसके बाद तस्वीर खींचकर मुद्दा बना दिया जाता है.

इसी बीच नांदेड़ के एक किसान का वीडियो भी वायरल हो रहा है. दाभड़ गांव के किसान आत्माराम टेकाले वीडियो में सूखे हुए सोयाबीन के पौधे दिखाते हुए अपनी परेशानी बताते नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि 1.5 एकड़ जमीन से एक किलो सोयाबीन पैदा करके दिखाइए. इसके बाद हम चंदा जुटाकर आपको एक क्विंटल काजू-बादाम देंगे.

किसान ने अधिकारियों के बार-बार दौरे और समीक्षा बैठकों की उपयोगिता पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि किसान महीनों तक फसल तैयार करते हैं, लेकिन अहम वक्त पर फसल सूख जाती है. उन्होंने कहा कि किसान मुश्किल में हैं और दूसरी तरफ बैठकों में नेता ड्राई फ्रूट्स खा रहे हैं.