अचानक ट्रेन के सामने आ गया तेंदुआ VIDEO: बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर सुरंग में फंसा
बिलासपुर-पेंड्रा रेल मार्ग पर एक बार फिर वन्यजीवों की मौजूदगी ने रेलवे और वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। भनवारटंक टनल के अंदर एक तेंदुआ ट्रेन के आगे पटरी पर चलता हुआ दिखाई दिया। ट्रेन के गार्ड ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग को भी इसकी सूचना दी गई है।
ट्रेन में मौजूद गार्ड की नजर जब तेंदुए पर पड़ी तो उन्होंने मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया। वीडियो में टनल के अंदर रेलवे ट्रैक पर तेंदुआ चलता हुआ नजर आ रहा है। कुछ देर तक तेंदुआ ट्रेन के आगे चलता रहा और इसके बाद वह जंगल की ओर चला गया।
बिलासपुर-कटनी रेलमार्ग की भनवारटंक टनल में पटरी पर दौड़ता तेंदुआ का शावक नजर आया। गार्ड ने वीडियो बनाया और तेंदुए के बच्चे को बचाने ट्रेन की रफ्तार कम की गई। pic.twitter.com/1nem4GhPdo
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) August 27, 2026
घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे मार्ग पर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। भनवारटंक और आसपास का इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ है, जिसके चलते यहां अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही देखी जाती है।
तेंदुए के ट्रेन के बेहद करीब आने की जानकारी मिलने के बाद मामले की सूचना वन विभाग को दी गई है। अब वन विभाग वायरल वीडियो और घटना की जानकारी के आधार पर इलाके में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर निगरानी बढ़ा सकता है।
रेलवे ट्रैक पर जंगली जानवरों की मौजूदगी ट्रेन परिचालन के लिहाज से भी संवेदनशील मानी जाती है। ऐसे में वन विभाग और रेलवे के सामने वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की चुनौती है।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर वन विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। हालांकि, ट्रेन के गार्ड द्वारा बनाए गए बताए जा रहे इस वीडियो ने भनवारटंक के जंगल और रेल मार्ग पर वन्यजीवों की सक्रियता को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
