छत्तीसगढ़ : वन विभाग के जाल में फंसे शावक तेंदुएं को बस्तर के जंगल में छोड़ा गया

क्षेत्रीय

वन विभाग ने एक शावक तेंदुएं को पकड़ा है जिसकी उम्र एक साल बताई जा रही है। ये तेंदुआ पिछले दो दिनों से स्थानीय किसान की मुर्गियों का शिकार कर रहा था। पूरा मामला चित्रकोट वन परिक्षेत्र का बताया जा रहा है।
इस तेंदुएं को पकड़ने के लिए वन विभाग ने जाल बिछाया था जिसमें आकर तेंदुआ फंस गया। इसे रेस्क्यू कर सुरक्षित बस्तर के जंगल में छोड़ दिया है।

वन विभाग के अफसरों ने बताया कि, चित्रकोट वन परिक्षेत्र के साकरगांव के सरपंच सकरु की बाड़ी में पिछले कुछ दिनों से तेंदुआ मुर्गियों का शिकार कर रहा था। जिसकी जानकारी वन विभाग को मिली थी। फिर वन विभाग के अफसरों ने सकरु की बाड़ी में एक दिन पहले देसी फंदा लगाया। जब गुरुवार की रात मादा तेंदुआ और शावक फिर से शिकार करने पहुंचे तो फंदे में फंस गए।

बताया जा रहा है कि, मादा तेंदुआ किसी तरह से फंदे से निकल जंगल की तरफ चली गई, जबकि शावक वहीं फंसा रहा। सुबह वन विभाग के अफसरों को इसकी जानकारी दी गई।

जिसके बाद वन विभाग के अफसर पहुंचे और शावक का रेस्क्यू कर उसे बाहर निकाला। जिसके बाद उसे कहीं दूर जंगल में छोड़ दिया गया है।