मदरसे में अनियंत्रित होकर गिरी लिफ्ट, एक युवक की दर्दनाक मौत, दूसरे की हालत गंभीर

वाराणसी के मदरसा जामिया हमीदिया रिजविया में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई. जब अनियंत्रित होकर लिफ्ट गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें से एक युवक की ट्रामा सेंटर में मौत हो गई है. मृतक वाराणसी के मदनपुरा का रहने वाला है. मृतक की पहचान 22 वर्षीय आसिब आदिल के रूप में हुई है. जबकि, घायल हसनैन रजा का ट्रामा सेंटर में इलाज जारी है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि भेलूपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात मदरसे में कार्यक्रम के दौरान लिफ्ट फेल हो गई. जिससे हड़कंप मच गया. गेट बंद होने के बाद नीचे उतरती लिफ्ट ने कमांड खो दी और सवारियों के साथ लिफ्ट तीन मंजिल नीचे आ गिरी.

रेवड़ी तालाब स्थित एक मदरसे में तेज आवाज के साथ लिफ्ट गिर गई. आवाज सुनकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सभी को सभी से बाहर निकाला. दोनों युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टर ने एक युवक को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. जबकि, दूसरे युवक का इलाज शुरू हो गया. वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई.

बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात मदरसे के कम्युनिटी हॉल में एक कार्यक्रम चल रहा था. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए थे. उनका लिफ्ट से आवागमन जारी था. इसी दौरान दो युवक नीचे जाने के लिए कार्यक्रम से उठे और नीचे जाती हुई लिफ्ट को रोककर दोनों अंदर चले गए. इसी दौरान लिफ्ट अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार से नीचे जा गिरी.

हादसा इतना भयानक था कि चीख पुकार मच गई. सूचना के बाद मौके पर परिजन भी पहुंचे और शव से लिपटकर रोते बिलखते नजर आए. एसीपी गौरव कुमार का कहना है कि लिफ्ट गिरने के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है. यह देखा जा रहा है कि कहीं लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही तो नहीं बरती गई. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.