थाने के बैरक में शराब पार्टी पड़ी भारी, राजनांदगांव एसपी ने 2 प्रधान आरक्षकों को किया सस्पेंड
राजनांदगांव: थाना परिसर स्थित बैरक में शराब पीते पाए जाने के बाद दो प्रधान आरक्षकों पर एक्शन लिया गया है. पुलिस अधीक्षक ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. जारी आदेश के मुताबिक प्रधान आरक्षक क्रमांक 149 हेमंत अनंत और प्रधान आरक्षक क्रमांक 693 भूपेंद्र कोचे 25 मई 2026 की रात करीब 10 बजे सोमनी थाना परिसर स्थित बैरक में शराब सेवन करते पाए गए. मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध कर दिया है.
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों को बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी. हालांकि नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी. इस मामले की प्रारंभिक जांच नगर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है. जांच प्रतिवेदन सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है. आपको बता दें कि सरकारी दफ्तर में शराब पीना एक गंभीर अपराध है. दोषी पाए जाने पर आरोपी पर विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है.
