एयरपोर्ट की जमीन खोदी तो निकले वर्ल्ड वॉर 2 के 300 जिंदा बम
ग्रीस की राजधानी एथेंस में यूरोप के सबसे बड़े अर्बन रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट ‘द एलिनिकॉन’ (The Ellinikon) का काम चल रहा है. लेकिन खुदाई के दौरान यहां जो कुछ मिला, उसने पूरी दुनिया को चौंका दिया है. पूर्व अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की जमीन के नीचे से द्वितीय विश्व युद्ध के करीब 300 जिंदा बम और सैकड़ों टन जहरीला कचरा बरामद किया गया है. अगर समय रहते ग्रीक सेना की बम निरोधक टीम इसे निष्क्रिय न करती, तो बहुत बड़ा हादसा हो सकता था.
यूरोप के सबसे बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में से एक ‘द एलिनिकॉन’ की साइट पर सफाई और खुदाई का काम चल रहा था. इस 620 हेक्टेयर की विशाल जमीन पर पहले एथेंस का मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा हुआ करता था. जब यहां सीवर, पानी की लाइन और बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए जमीन साफ की गई, तो मिट्टी के नीचे द्वितीय विश्व युद्ध के दौर का भारी मात्रा में असला दबा हुआ मिला.
ग्रीक सेना की एक्सपर्ट एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल यूनिट (TENX) को तुरंत मौके पर बुलाया गया. जांच के दौरान जमीन के नीचे से लगभग 300 ऐसे बम बरामद हुए, जो दूसरे विश्व युद्ध के दौरान गिराए गए थे लेकिन फटे नहीं थे. ग्रीक सेना ने बेहद सावधानीपूर्वक इन सभी बमों को निकाला और उन्हें सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया. यह इलाका 1938 में हवाई अड्डा बनने से पहले ‘हसानी’ नाम का कृषि क्षेत्र था, जिस पर जर्मन कब्जे के दौरान मित्र राष्ट्रों ने भारी बमबारी की थी.
बमों के अलावा, इस साइट की मिट्टी में दशकों से दबा जहरीला ईंधन और केमिकल भी मिला है. डेवलपर कंपनी लाम्डा (Lamda Development) के अनुसार, हवाई अड्डे के संचालन के दौरान भूमिगत टैंकों और पाइपलाइनों से रिसने वाला जेट फ्यूल, डीजल और गैसोलीन मिट्टी व भूजल में समा गया था. सफाई अभियान के तहत अब तक लगभग 270 टन खतरनाक तैलीय कचरे और एस्बेस्टस को बाहर निकाला जा चुका है.
जमीन को इंसानों के रहने लायक और सुरक्षित बनाने के लिए एडवांस्ड तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसमें सॉइल वेपर निष्कर्षण, इन-सिचू जैविक उपचार, एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टरेशन और केमिकल ऑक्सीकरण जैसी तकनीकों से भूजल और मिट्टी को पूरी तरह शुद्ध किया जा रहा है. जहरीले कचरे को लाइसेंस प्राप्त विशेष सुविधाओं में सुरक्षित रूप से नष्ट किया जा रहा है.
यह सफाई अभियान अब अपने अंतिम चरण में है. जमीन पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद यहां ‘द एलिनिकॉन’ का निर्माण तेजी से आगे बढ़ेगा. इस ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत एथेंस में विश्वस्तरीय आवासीय कॉम्प्लेक्स, लग्जरी होटल, कमर्शियल हब, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और 200 हेक्टेयर का एक विशाल पार्क बनाया जाएगा. यह ऐतिहासिक खोज अब एथेंस के एक नए युग की शुरुआत का जरिया बन गई है.
