लोकसभा सचिवालय से राहुल गांधी को नोटिस, अमित शाह पर टिप्पणी को लेकर 28 अगस्त तक जवाब मांगा
एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान अमित शाह के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने पर राहुल गांधी को लोकसभा सचिवालय की तरफ से नोटिस भेजा गया है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और संजय जायसवाल ने लोकसभा स्पीकर से राहुल की शिकायत की गई थी। राहुल को 28 अगस्त तक अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है।
राहुल ने 29 जुलाई को बिल पर चर्चा के दौरान इडियट और अंधभक्त जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। हालांकि स्पीकर ओम बिरला ने इन शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटा दिया था।
लोकसभा में BJP के चीफ व्हिप संजय जायसवाल ने X पर लेटर शेयर किया। इसमें उन्होंने कहा कि अमित शाह के खिलाफ राहुल गांधी की आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर उन्होंने विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था।
इन टिप्पणियों से अमित शाह की सांसद के तौर पर गरिमा और संसद की मर्यादा प्रभावित हुई। जायसवाल ने 29 जुलाई को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को लेटर लिखकर राहुल के खिलाफ नियमों के तहत उचित कार्रवाई की मांग की थी।
वहीं, अनुराग ठाकुर ने 30 जुलाई को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बिल पर लोकसभा में चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
साथ ही उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए, लेकिन सदन के नियम 353 के तहत इसके लिए पर्याप्त पूर्व सूचना नहीं दी गई।
