लोकसभा में जोरदार हंगामा, चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी, ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव थोड़ी देर में
लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आज आएगा. स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर डिबेट 12 बजे से शुरू हो सकती है. इस प्रस्ताव पर बीजेपी की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले वक्ता होंगे. वहीं, गृह मंत्री अमित शाह सबसे अंत में बोलेंगे. यह प्रस्ताव सदन में एक दिन पहले ही आना था, लेकिन हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही चल ही नहीं सकी थी.
दूसरे हाफ के दूसरे दिन भी कार्यवाही की हंगामेदार शुरुआत हुई है. लोकसभा में प्रश्नकाल चल रहा है और विपक्षी सदस्य वेल में आकर नारेबाजी कर रहे हैं. नारेबाजी के बीच ही शिवराज सिंह चौहान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय से संबंधित सवालों के जवाब दे रहे हैं. विपक्ष चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर रहा है.
लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान जोरदार हंगामा हुआ. विपक्षी दलों ने वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा करते हुए जमकर नारेबाजी की. विपक्ष की नारेबाजी और हंगामे के बीच ही पीठासीन संध्या राय ने सदन की कार्यवाही जारी रखी. हंगामा बढ़ा और अंत में पीठासीन को कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा करनी पड़ी. लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है.
