DJ की आवाज कम करने की गुहार, फिर भी नहीं माने लोग… 20 दिन की बच्ची की मौत से मचा कोहराम
बलिया में मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे के बीच 20 दिन की नवजात बच्ची की मौत हो गई. परिजनों ने आरोप लगाया है कि डीजे की तेज आवाज के कारण बच्ची की धड़कन रुक गई. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर डीजे को कब्जे में ले लिया है. मामले की जांच की जा रही है.
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र के मुड़ियारी गांव की यह घटना है. परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को बच्ची की मां रीमा देवी अपनी झोपड़ी में नवजात को लेकर सो रही थीं. इसी दौरान मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे कुछ लोगों ने उनके घर के पास डीजे रोक दिया और तेज आवाज में गाने बजाने लगे.
परिवार का आरोप है कि डीजे की आवाज कम करने के लिए लोगों से कहा गया, लेकिन उन्होंने आवाज कम नहीं की. इसी दौरान बच्ची की हालत बिगड़ गई. परिजनों ने देखा कि मासूम की धड़कन रुक गई है. इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और बच्ची को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि रीमा देवी कुछ दिन पहले ही अपनी ससुराल से मायके मुड़ियारी आई थीं. करीब 20 दिन पहले ही उन्होंने बच्ची को जन्म दिया था. परिवार अभी नवजात के आने की खुशियां मना रहा था, लेकिन इस घटना के बाद घर में मातम छा गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद मनियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही मूर्ति विसर्जन में इस्तेमाल किए जा रहे डीजे को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
बलिया के पुलिस उपाधीक्षक जय शंकर मिश्र ने बताया कि 13 नवंबर 2026 को थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रमेश गौड़ की बहन अपनी करीब 20 दिन की बेटी को झोपड़ी में लेकर सोई हुई थी. इसी दौरान कुछ लोग डीजे बजाते हुए वहां से गुजर रहे थे. महिला ने बताया कि उसकी बच्ची रो नहीं रही है.
इसके बाद परिजन तत्काल बच्ची को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, संबंधित डीजे को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है.
डीएसपी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
इस घटना में बच्ची की मौत को लेकर परिजनों ने डीजे की तेज आवाज को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
