LPG टैंकर टोल से टकराया, धमाके के बाद आग लगी,कौशांबी में 5 कर्मचारी झुलसे

यूपी के कौशांबी में शुक्रवार सुबह 6 बजे LPG टैंकर बेकाबू होकर टोल प्लाजा से टकरा गया। इसके बाद तेज धमाका हुआ। फिर आग लग गई। हादसे में 5 टोल कर्मचारी झुलस गए। टैंकर के ड्राइवर और कंडक्टर ने कूदकर जान बचाई। 2 किमी दूर से धुआं और आग की लपटें दिखाई दे रही हैं। झुलसे हुए कर्मचारी सड़क पर तड़पते दिखाई दिए। आग की लपटें देखकर टोल के दोनों तरफ बस और कारों की लंबी लाइन लग गई। अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आग इतनी विकराल थी कि कोई उसके पास जाने कही हिम्मत नहीं जुटा पाया। फिलहाल, फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई है। आग बुझाने की कोशिश में जुटी हुई है। हादसा जिला मुख्यालय से 16 किलोमीटर दूर कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- टैंकर कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। घटना ओवरटेक के चक्कर में हुई। टैंकर की स्पीड लगभग 60-70 kmph के आसपास थी। इस दौरान टैंकर डिवाइडिंग लेन से टकराकर पलट गया। इस दौरान टैंकर का ड्राइवर और कंडक्टर कुदकर मौके से फरार हो गए।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया- टोल कर्मियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा। इस वजह से पहले तेज धमाका हुआ, फिर आग लग गई। डीएसओ (DSO) और तकनीकी टीम को सूचित कर दिया गया है, जो मौके पर पहुंचकर घटना के सटीक कारणों की जांच करेगी।
उन्होंने बताया- हादसे में 7 लोग घायल हुए थे। 5 लोगों का जिला अस्पताल में शुरुआती इलाज कराया गया। पांच को हालत नाजुक देखते हुए प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। 2 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
घायलों की पहचान आलोक सिंह (25), कृष्णपाल मौर्य (26), हीरामणि सिंह (27), अतुल मिश्रा (25) और अनिल कुमार (35) के रूप में हुई है। प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि सभी 60% से ज्यादा झुलसे हैं। उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इन सभी को स्पेशल बर्न वार्ड में रखकर इलाज किया जा रहा है।