IPL में आज LSG vs DC : दिल्ली ने लखनऊ के खिलाफ 7 में 4 मैच जीते

IPL के पांचवें मुकाबले में आज लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि लखनऊ में आज के मैच में बारिश की 1% आशंका जताई गई है। इस दौरान तेज गर्मी भी रहेगी। तापमान 23 डिग्री से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। मंगलवार रात यहां हल्की बारिश जरूर हुई थी, लेकिन उसका मैच पर ज्यादा असर पड़ने की संभावना नहीं है। इससे पहले 17 दिसंबर को कोहरे के कारण भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी-20 मुकाबला रद्द करना पड़ा था।

मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। दोनों ही टीमें अब तक खिताब नहीं जीत पाई हैं। 2022 से लीग में खेल रही लखनऊ सुपर जायंट्स पिछले सीजन 7वें स्थान पर रही थी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स 5वें नंबर पर रही।

IPL में अब तक लखनऊ और दिल्ली के बीच 7 मुकाबले खेले गए। इनमें से 4 मुकाबले दिल्ली ने जीते, जबकि 3 मुकाबलों में लखनऊ को जीत मिली। IPL 2025 में इन दोनों के बीच 2 मुकाबले खेले गए थे और दोनों ही बार दिल्ली कैपिटल्स जीती। लखनऊ में दोनों टीमें 3 बार आमने-सामने हुई हैं। इसमें 2 बार DC और एक बार LSG को जीत मिली।

DC- दिल्ली ने कन्फर्म किया है कि इंग्लैंड के बेन डकेट ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। ऐसे में करुण नायर या पाथुम निसांका को केएल राहुल के साथ ओपनिंग मिल सकती है। लेफ्ट आर्म पेसर मिचेल स्टार्क शुरुआती कुछ मैचों से बाहर रहेंगे। वे अप्रैल के दूसरे सप्ताह में टीम के साथ जुड़ सकते हैं।

दिल्ली की टीम इस सीजन काफी बैलेंस्ड नजर आ रही है। टॉप ऑर्डर में टीम के पास केएल राहुल मौजूद हैं। राहुल के अलावा करुण नायर, ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर से भी इस सीजन टीम को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। मिलर के आने से टीम का मिडिल ऑर्डर और ज्यादा संतुलित दिख रहा है। समीर रिजवी और आशुतोष शर्मा फिनिशर की भूमिका निभाते नजर आएंगे। वहीं, अक्षर पटेल और विपराज निगम बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देंगे।

लखनऊ सुपर जायंट्स का टॉप ऑर्डर काफी शानदार दिख रहा है। मिचेल मार्श और ऐडन मार्करम से इस सीजन भी टीम को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं, निकोलस पूरन अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं। हालांकि, कप्तान ऋषभ पंत की फॉर्म लखनऊ टीम के लिए काफी अहम होगी। लखनऊ का मिडिल ऑर्डर थोड़ा कमजोर दिख रहा है। मोहम्मद शमी, आवेश खान, एनरिक नॉर्त्या, मयंक यादव और मोहसिन खान के रूप में लखनऊ के पास दमदार पेस अटैक मौजूद है। वहीं, स्पिन डिपार्टमेंट की कमान दिग्वेश राठी संभालेंगे।